RCB vs KKR: 5 बड़े रिकॉर्ड जो विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़कर बनाए
विराट कोहली के अब आईपीएल में कुल 9 शतक हो गए हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14,000 रनों के आंकड़े को भी पार कर लिया है।

Virat Kohli IPL Records: बुधवार, 14 मई को आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेटों से पटखनी दी, जिसमें विराट कोहली का सबसे बड़ा योगदान रहा। कोहली ने 60 गेंदों पर 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन बनाए। आईपीएल में ये कोहली का नौवां शतक था। वहीं, अपनी इस मैच जिताऊ पारी के दौरान किंग कोहली ने टी20 क्रिकेट में अपने 14 हजार रन भी पूरे कर लिए। कोहली भारत की तरफ से टी20 क्रिकेट में 14000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करने के बाद अंगकृष रघुवंशी की 46 गेंदों पर खेली 71 रनों की पारी की मदद से 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए थे। जवाबी पारी में RCB ने टारगेट को 5 गेंदें बाकी रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टूर्नामेंट में ये आरसीबी की आठवीं जीत रही। RCB ने अंक तालिका में गुजरात टाइटंस को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। कोहली ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान अनगिनत रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए। इस आर्टिकल में हम उन टॉप-5 रिकॉर्ड्स के बारे में चर्चा करेंगे, जो कोहली ने RCB vs KKR मैच में शतक जड़ने के दौरान बनाए।
5 बड़े रिकॉर्ड जो विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़कर बनाए:
यह भी पढ़ें: PBKS vs MI Head-to-Head Record: जानें किस टीम का पलड़ा भारी? यहां देखें हेड-टू-हेड आंकड़े
1. IPL में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
विराट कोहली अब आईपीएल में बतौर भारतीय खिलाड़ी सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने रोहित शर्मा के साथ पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। दोनों इस लीग में 21 बार मैन ऑफ द मैच चुने जा चुके हैं।
2. IPL में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ कई शतक
दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज आईपीएल में दो अलग-अलग टीमों के विरुद्ध शतक ठोकने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने अपने आईपीएल करियर में गुजरात लायंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध दो-दो शतक जड़े हैं। कोहली के अलावा ये कारनामा जोस बटलर (KKR, RCB) ने किया है।
3. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने
विराट कोहली आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1100 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने केकेआर के खिलाफ 1126 रन बना दिए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने आईपीएल में कोलकाता के खिलाफ 1161 रन बनाए हैं।
4. चेज के दौरान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज
आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली को चेज कितना पसंद है, ये बात किसी से छिपी नहीं है। कोहली आईपीएल में चेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने जोस बटलर की बराबरी कर ली है। दोनों बल्लेबाज इस कारनामे को 3 बार कर चुके हैं।
5. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2 शतक लगाने वाले RCB के इकलौते बल्लेबाज
कोहली आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दो शतक लगाने वाले RCB के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। केकेआर के खिलाफ कोहली ने पहला शतक 2019 में लगाया था। कोहली के अलावा गेल इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने RCB की ओर से केकेआर के खिलाफ सेंचुरी लगाई है।




