WPL 2027 Mini Auction: कब और कहां होगी नीलामी? जानें पर्स, स्लॉट और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सबकुछ
बीसीसीआई के बैनर तले होने वाले महिला प्रीमियर लीग के 5वें एडिशन के लिए ऑक्शन होगा। इस नीलामी में देश-दुनिया के कुछ स्टार महिला खिलाड़ी समेत कुल 146 खिलाड़ी शामिल हैं।

WPL 2027 Mini Auction: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के नए सीजन की तैयारियों के बीच अब सबकी निगाहें मिनी-ऑक्शन पर टिक गई हैं। बुधवार को कोच्चि के ग्रैंड हयात में खिलाड़ियों की नीलामी होगी, जहां पांच फ्रेंचाइजियां अपनी टीमों की बची हुई जरूरतों को पूरा करने के लिए दांव लगाएंगी। इस बार ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी, लेकिन सभी को टीम में जगह नहीं मिल पाएगी। पांचों टीमों के पास कुल 27 खाली स्लॉट हैं, जिनमें 7 विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में सीमित जगहों के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
किसी के पास करोड़ों का खजाना, तो किसी का बजट बेहद सीमित
इस मिनी-ऑक्शन में यूपी वॉरियर्स सबसे मजबूत आर्थिक स्थिति के साथ उतरेगी। टीम के पर्स में 3.75 करोड़ रुपये बाकी हैं और उसे अपने स्क्वॉड में 8 खिलाड़ियों की जगह भरनी है। इनमें 3 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। दूसरी ओर, गुजरात जायंट्स के पास 1.25 करोड़ रुपये बचे हैं और टीम को 3 स्लॉट भरने हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खाते में 1.15 करोड़ रुपये हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के पास 1.10 करोड़ रुपये का बजट बचा है। दोनों टीमों को 5-5 खिलाड़ियों की जगह भरनी है।
डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस की स्थिति बाकी टीमों से अलग है। उसके पास 90 लाख रुपये का पर्स बचा है और उसे 6 खिलाड़ियों को चुनना है। खास बात यह है कि मुंबई को इन स्लॉट्स में किसी विदेशी खिलाड़ी को शामिल करने की जरूरत नहीं है। ऐसे में फ्रेंचाइजी को अपने सीमित बजट में भारतीय खिलाड़ियों के विकल्पों पर ध्यान देना होगा। पांचों टीमों के पास कुल मिलाकर 8.15 करोड़ रुपये शेष हैं, इसलिए खिलाड़ियों के चयन में सही रणनीति और बजट का संतुलन अहम रहेगा।
50 लाख की बेस प्राइज वाले खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
नीलामी में सबसे ऊंची बेस प्राइज 50 लाख रुपये रखी गई है। इस कैटेगरी में इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले और ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर सोफी मोलिनक्स शामिल हैं। वहीं, गुणाणन कमलिनि, किरण नवगिरे, हीदर ग्राहम और जेस जोनासेन ने 40 लाख रुपये की बेस प्राइज वाली कैटेगरी में जगह बनाई है।
30 लाख रुपये की बेस प्राइज वाले खिलाड़ियों में भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा, श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु और ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस जैसे नाम शामिल हैं। अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में श्वेता सहरावत, वृंदा दिनेश, गोंगाडी तृषा और शबनम शकील पर भी फ्रेंचाइजियों की नजरें रहेंगी। हालांकि, बेस प्राइज यह तय नहीं करती कि किसी खिलाड़ी को कितनी रकम मिलेगी। अंतिम कीमत टीमों की जरूरत, उपलब्ध बजट और बोली पर निर्भर करेगी।
146 खिलाड़ियों में 119 भारतीय, 27 विदेशी
इस बार की नीलामी सूची में कुल 146 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 119 भारतीय खिलाड़ी हैं, जिनमें 22 कैप्ड और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों की संख्या 27 है, जिनमें 14 कैप्ड खिलाड़ी हैं। पांचों फ्रेंचाइजियों ने ऑक्शन से पहले कुल 63 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।
यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स में भूचाल, एक साथ हुई 5 कोच की विदाई, अब दिखेगा नया कोचिंग स्टाफ
प्रत्येक टीम अपने स्क्वॉड में अधिकतम 18 खिलाड़ी रख सकती है, जिनमें अधिकतम 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। मिनी-ऑक्शन होने के कारण इस बार फ्रेंचाइजियों को राइट टू मैच (RTM) कार्ड का विकल्प भी नहीं मिलेगा। यानी किसी रिटेन न किए गए खिलाड़ी को वापस पाने के लिए टीमों को उपलब्ध स्लॉट और बजट के भीतर ही बोली लगानी होगी।
कब और कहां देखें WPL 2027 ऑक्शन?
WPL 2027 मिनी-ऑक्शन बुधवार को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इसका आयोजन कोच्चि के ग्रैंड हयात में किया जाएगा। भारत में दर्शक ऑक्शन का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर देख सकते हैं, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि यूपी वॉरियर्स अपने बड़े बजट का इस्तेमाल कैसे करती है और मुंबई इंडियंस समेत बाकी फ्रेंचाइजियां सीमित रकम में अपनी जरूरत के खिलाड़ियों को हासिल करने के लिए क्या रणनीति अपनाती हैं।




